पिथौरागढ़। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के गौरवमय अवसर पर सशस्त्र सीमा बल की ओर से आज ऐतिहासिक लंदन फोर्ट परिसर में भव्य ब्रास बैंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता से ओत-प्रोत इस आयोजन ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर कल्पना देवलाल रहीं।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सीमांत मुख्यालय रानीखेत के ब्रास बैंड द्वारा वंदे मातरम् सहित देशभक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां दी गईं। अनुशासित व प्रभावशाली धुनों से पूरा किला परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि कल्पना देवलाल ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सीमाओं की सुरक्षा में सशस्त्र सीमा बल के योगदान की सराहना की।
कमांडेंट आशीष कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन जवानों और समाज के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देशभक्ति के जयघोष के साथ हुआ।

इस अवसर पर आशीष कुमार (कमांडेंट 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल), राम भरत सिंह कुशवाहा (कमांडेंट 14वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस), मेजर अंशुमन तिवारी (119 इन्फैंट्री ब्रिगेड) सहित अनेक वरिष्ठ सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे
