पिथौरागढ़। मौसम विभाग द्वारा 23 जनवरी को बारिश एवं बर्फबारी की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपद की समस्त संबंधित विभागीय इकाइयों एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया है कि संभावित बर्फबारी के चलते यदि सड़कें अवरुद्ध होती हैं तो उन्हें तत्काल खोलने के लिए पोकलैंड मशीनें एवं जेसीबी पहले से तैनात रखी जाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
संभावित खराब मौसम के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। विभाग को आवश्यक उपकरणों एवं मरम्मत दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर त्वरित बहाली सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देशित किया है कि बर्फबारी एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच जनपद में खाद्यान्न की उपलब्धता हर हाल में बनाए रखी जाए। सभी गोदामों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में खाद्यान्न की कमी न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की निरंतर निगरानी के भी आदेश दिए गए हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखते हुए सभी आवश्यक दवाइयों, चिकित्सीय उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निगम एवं नगरपालिकाओं को संभावित बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड को देखते हुए अलाव, रैन बसेरे एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय एवं जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
