सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, दुर्घटना संभावित स्थलों पर तुरंत हों सुधार कार्य : डीएम भटगांई

पिथौरागढ़। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां त्वरित सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐचोली एवं देवसिंह मैदान के नीचे की सड़क अत्यधिक जर्जर स्थिति में है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग को संवेदनशील बताते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत, गड्ढा मुक्त सड़क निर्माण, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग को जनपद की ग्रामीण व मुख्य सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य तय मानकों, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुसार पूरे करने को कहा गया।

शीतकाल को देखते हुए डीएम ने पालाग्रस्त क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिसलन से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे क्षेत्रों में नमक व चूने का नियमित छिड़काव किया जाए तथा स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, तेज गति और शराब पीकर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिलाधिकारी ने परिवहन व पुलिस विभाग को स्कूल वाहनों, व्यावसायिक एवं सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर क्षेत्र में रोड सेफ्टी कॉर्नर और जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि जीवन सिंह हयांकि, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल उपस्थित रहे।