पिथौरागढ़। नगर निगम पिथौरागढ़ परिसर में आज ‘नमस्ते योजना’ के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा किट वितरित की गई। कार्यक्रम में महापौर कल्पना देवलाल और सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने स्वच्छता कर्मियों को किट प्रदान की।

महापौर ने कहा कि ‘नमस्ते योजना’ का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की कार्यदशाओं में सुधार लाना और उन्हें कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
सहायक नगर आयुक्त ने भी कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करने से कार्य के दौरान जोखिम कम किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में पार्षद प्रवीण उपरारी, रविन्द्र बिष्ट, महेंद्र कुमार, मोहित चौंसाली, राहुल लुण्ठी और भूपाल सौन सहित स्वच्छ भारत मिशन की टीम के सदस्य मौजूद रहे।
