पिथौरागढ़। अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्र से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। कुल लगभग 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर ही करा दिया। शेष प्रकरणों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई महज औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए यह सुनिश्चित करें कि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, पेयजल लाइनों की मरम्मत, दूषित जलापूर्ति, आपदा संबंधी समस्याएं, राष्ट्रीय राजमार्ग, अवैध कब्जे तथा मलबा निस्तारण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
इस दौरान युवक मंगल दल कुशोल के अध्यक्ष ने चण्डिकाघाट स्थित मेला स्थल पर हो रहे कटाव का मामला उठाते हुए सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी ने जल निगम पिथौरागढ़ को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव नहीं है, उनके लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए, नियमित निगरानी रखी जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
