पिथौरागढ़। ग्रामीण महिला जन जाग्रति समिति की ओर से गुडौली गांव में वनाग्नि रोकथाम को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय लोगों को जंगलों में लगने वाली आग से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करना तथा समय रहते रोकथाम के उपायों की जानकारी देना रहा।

समिति की सदस्यों ने ग्रामीणों को बताया कि गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े वनाग्नि हादसे का कारण बन सकती है। जंगलों में जलती बीड़ी-सिगरेट न फेंकने, सूखी घास में आग न लगाने तथा किसी भी स्थान पर धुआं या आग दिखाई देने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने भी वनाग्नि से पर्यावरण, वन संपदा और वन्यजीवों को होने वाले नुकसान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही जंगलों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस दौरान ग्राम प्रधान त्रिभुवन चन्द्र पाण्डेय, सुमन धामी, अशोक खनका, पुष्पा मेहता, अनिल रौतेला सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
