अल्मोड़ा में एसएसपी आवास पर सादगी और उल्लास के साथ मनी होली, डीएम भी रहे मौजूद

अल्मोड़ा। रंगों के पावन पर्व होली पर जनपद अल्मोड़ा में उत्साह और सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। चंद्रशेखर घोडके ने अपने आवास पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ हर्षोल्लास के साथ होली मनाई।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों और जवानों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आत्मीयता के साथ उनके बीच समय बिताया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ता के साथ ड्यूटी निभाने के लिए पुलिस बल की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, जिसे सभी ने बखूबी निभाया है।

कार्यक्रम में डीएम अंशुल सिंह भी उपस्थित रहे। एसएसपी ने जिलाधिकारी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, वहीं जिलाधिकारी ने भी एसएसपी सहित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुनों पर जिलाधिकारी और एसएसपी ने जवानों के साथ ताल मिलाई और उत्सव का आनंद लिया। उमंग, उत्साह और उल्लास के साथ रंगों का यह पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।