पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने आज मड़धुरा क्षेत्र में निर्माणाधीन सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज, पिथौरागढ़ की इमारतों व अन्य कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल निर्माण निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर आपत्ति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने पेयजल निर्माण निगम को निर्देश दिए कि निर्माण में उपयोग किए जा रहे मटेरियल का गुणवत्ता परीक्षण तत्काल कराया जाए और उसकी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय, पिथौरागढ़ का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में स्थापित बायोमेट्रिक उपस्थिति मशीन खराब पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में मौजूद आम लोगों से बातचीत कर ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन पंजीकरण से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि कहीं उन्हें कार्यालय में किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा आमजन के कार्यों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
