पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की पेयजल व्यवस्था एवं जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल निगम और जल संस्थान द्वारा संचालित योजनाओं, ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, ग्रीष्मकालीन जल संकट प्रबंधन और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जहां जरूरत हो, वहां टैंकर और पिकअप वाहनों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में पानी की किल्लत न हो।
नगरीय क्षेत्रों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिथौरागढ़ नगर सहित अन्य नगरों में मांग और आपूर्ति के बीच अंतर के चलते कुछ क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर जलापूर्ति की जा रही है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित मोहल्लों में वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और पेयजल आपूर्ति को और अधिक मजबूत बनाया जाए। साथ ही पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पिथौरागढ़, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेरीनाग और धारचूला में पेयजल उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लीकेज, तकनीकी खामियों और अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ पेयजल योजनाओं का संचालन किया जाए और आने वाले महीनों के लिए पहले से ही प्रभावी योजना तैयार की जाए।
जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर जलापूर्ति को सुदृढ़ करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा हैंडपंप, ट्यूबवेल और टैंकरों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। खराब हैंडपंपों को जल्द ठीक कराने और नए टैंकरों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आमजन को समय पर पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि हनुमान मंदिर पम्पगृह परिसर में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है, जहां पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। आमजन के लिए दूरभाष नंबर 05964-225237 और मोबाइल नंबर 7900278607 जारी किए गए हैं।
बैठक में अधीक्षण अभियंता जल निगम रंजीत धर्मशक्त्तू, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुरेश जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
