DTN पिथौरागढ़। आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा को लेकर पर्यटकों में बढ़ते उत्साह के बीच प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की है। अब यात्रियों को इनर लाइन परमिट के लिए केवल धारचूला पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर पिथौरागढ़ शहर में भी इनर लाइन परमिट जारी करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में मेडिकल परीक्षण के साथ-साथ इनर लाइन परमिट जारी करने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। अब आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत यात्रा पर आने वाले पर्यटक धारचूला के अलावा पिथौरागढ़ शहर से भी इनर लाइन परमिट प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों को समय की बचत होने के साथ सुविधा भी मिलेगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के कमरा संख्या-10 में इनर लाइन परमिट बनाने की व्यवस्था विधिवत शुरू कर दी गई है। अब यात्री पिथौरागढ़ और धारचूला दोनों स्थानों से आसानी से परमिट प्राप्त कर यात्रा पर जा सकेंगे।

