DTN धरचूला। धारचूला विकासखंड की ग्राम सभा जुम्मा को जोड़ने वाली सड़क कई दिनों से बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने का खामियाजा आज उस समय देखने को मिला, जब 95 वर्षीय बैशाखी देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
सड़क बाधित होने के कारण ग्रामीणों ने बैशाखी देवी को करीब चार किलोमीटर तक पैदल डोली के सहारे ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धारचूला पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता पवन धामी ने बताया कि जुम्मा सड़क लंबे समय से बंद है, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क नहीं खोली गई तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क खोलने की मांग करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे

