DTN देहरादून/पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आधारभूत सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र स्थित पांखू में विद्युत सब-स्टेशन निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रथम किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोत्यूराज स्थित माँ कडॉई मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
वहीं, हरिद्वार जिले के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के लिए 92.63 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी प्रदान की है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही धार्मिक पर्यटन और स्थानीय आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
