DTN पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमापार अपराध एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर आज जिला कार्यालय सभागार में भारत-नेपाल समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिथौरागढ़ जिला प्रशासन के साथ नेपाल के सीमावर्ती जिलों बैतड़ी और दार्चुला के प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा, सूचनाओं के आदान-प्रदान, अपराध एवं तस्करी की रोकथाम तथा आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने भारत की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदु रखे। नेपाल की ओर से बैतड़ी की मुख्य जिलाधिकारी मीना अर्याल और दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने अपने पक्ष एवं सुझाव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों, स्थानीय पुलिस, एसएसबी, कस्टम और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं और इनपुट्स को दोनों देशों के बीच समयबद्ध तरीके से साझा किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के साथ ही सीमापार आवाजाही करने वाले व्यक्तियों के सत्यापन और दस्तावेजों की जांच को लेकर नियमित समन्वय बनाए रखा जाएगा।
नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध सामग्री के आदान-प्रदान, वन्य उत्पादों की अवैध तस्करी और व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भी दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई में भी एक-दूसरे से आवश्यक सहयोग लेने पर जोर दिया गया।
प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भारत और नेपाल के बीच शीघ्र एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। बाढ़, भूस्खलन और भूकंप जैसी आपदाओं से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले झूला पुलों की नियमित निगरानी, सुरक्षा और रखरखाव का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में आवागमन से जुड़े महत्वपूर्ण ढांचों की सुरक्षा और उनके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक के अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने भारत-नेपाल के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत करने तथा नियमित अंतराल पर समन्वय बैठकें आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित दोनों देशों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
