पिथौरागढ़ नगर निगम भवन के लिए 24.47 करोड़ मंजूर, डीडीहाट में बनेगा सीसी मार्ग

 

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत किए 805 करोड़ रुपये, गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण को भी मिली मंजूरी

DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए 805 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें पिथौरागढ़ जिले को भी कई महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं। पिथौरागढ़ नगर निगम के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 24.47 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये और गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत धनराशि में सड़क निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, पेयजल योजनाओं, बांधों की सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये तथा यूजेवीएनएल के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत 398.30 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

चंपावत जिले में दुधौरी ग्राम पंचायत स्थित भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 58.67 लाख और क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 47.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पूर्णागिरि मेले के लिए सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण को भी चार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार में क्षतिग्रस्त एवं कम व्यास वाली सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए भूपतवाला क्षेत्र में 7.65 करोड़ और कनखल क्षेत्र में 6.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.09 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

देहरादून के रायपुर में आरजीआईसीएस की मौजूदा पहली मंजिल पर शेड निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये, चक तुनवाला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 9.84 करोड़ और धामावाला वार्ड में क्षतिग्रस्त सीवर लाइन बदलने के लिए 3.80 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

उत्तरकाशी के हर्षिल में मुख्य मार्ग स्थित भवनों के बाहरी स्वरूप के सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, जसपुर में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना स्थित घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर) की किश्त के रूप में 328.28 करोड़ रुपये देने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।