स्वाला के पास खाई में गिरा वाहन, एक की मौत, चार घायल

DTN चंपावत। चम्पावत जिले में आज तड़के हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। स्वाला–धौन के पास पांच लोगों को लेकर जा रहा एक्सयूवी-300 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया। हादसे के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे युवक को बचाव दल ने बाहर निकाला, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार आज तड़के करीब तीन बजे एक्सयूवी-300 वाहन संख्या यूपी 32 एमसी 7924 स्वाला–धौन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। इसके बाद प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य किया।

दुर्घटना में आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) को चोटें आईं। बचाव दल ने चारों घायलों को मौके से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति के संबंध में अस्पताल में उपचार की जानकारी ली गई।

वहीं, दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को बचाव दल ने खाई से बाहर निकाला। उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद जिला अस्पताल पहुंचे उप जिलाधिकारी बीसी पंत ने चारों घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अजीत कुशवाहा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।