पिथौरागढ़। मानस कॉलेज में भारतीय सेना द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ब्रिगेड कमाण्डर गौतम पठानिया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर एक प्रभावशाली व्याख्यान और स्लाइड शो प्रस्तुत किया, जिसने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हाल ही में हुए इस ऑपरेशन में थल सेना और वायु सेना के अद्भुत पराक्रम को दर्शाती तस्वीरों को स्लाइड्स के माध्यम से दिखाते हुए, कमाण्डर पठानिया ने कहा कि भारतीय सेना का शौर्य और राष्ट्रप्रेम हर नागरिक को गौरवान्वित महसूस कराता है। उन्होंने बताया कि किन मुश्किल परिस्थितियों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देना ज़रूरी हो गया था और कैसे पूरी योजना के साथ, आम नागरिकों को कोई नुकसान पहुँचाए बिना, केवल आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया गया। उन्होंने युवाओं से भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में मानस कॉलेज के निदेशक देवाशीष पंत ने ब्रिगेडियर पठानिया और उनके साथ आए सैन्य अधिकारियों का स्वागत किया और इस दिन को मानस कॉलेज के लिए ऐतिहासिक बताया। मानस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार पंत ने भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेना हमारा गौरव है और उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है।
इस अवसर पर 12 कुमाऊं के सी.ओ. कर्नल राहुल चौरसिया, कैप्टन हर्ष नलवा, प्रबंध निदेशक कंचन लता पंत, निदेशक मीनू भट्ट, अंशुल पंत, कैप्टन दीवान वल्दिया, जनार्दन उप्रेती, सदानंद जोशी, प्रकाश जोशी, डॉ. नीरज जोशी, गजेंद्र बोरा, संजीव मसीह, यशोदा पाठक, और पी. आर. लोहिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पब्लिक रिलेशन हेड योगेश भट्ट ने किया।

