सीएम की घोषणाएं लंबित न हों, गंभीरता से पूरा करें काम: डीएम भटगांई

शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी सख्त कारवाई 

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज जनपद के विभागीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री की किसी भी घोषणा से संबंधित कार्य जनपद स्तर पर लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएम भटगांई ने जोर देकर कहा कि जनहित से जुड़ी इन घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रगति रिपोर्ट लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग से संबंधित घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यों की गुणवत्ता एवं समय सीमा बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। यह बैठक मुख्यमंत्री द्वारा पिथौरागढ़ में की गई घोषणाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।