टनकपुर: नौनिहालों ने सीखा सड़क सुरक्षा का पाठ, एआरटीओ ने खेल-खेल में बताए यातायात के नियम

चंपावत/टनकपुर।  जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर परिवहन विभाग चंपावत की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टनकपुर स्थित जीपीएस भजनपुर में एक विस्तृत एवं इंटरैक्टिव रोड सेफ्टी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना था।

​सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) मनोज बगोरिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग की टीम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी बेहद सरल और रोचक तरीके से दी। सत्र के दौरान बच्चों को ट्रैफिक नियमों का महत्व, विभिन्न यातायात संकेतों का अर्थ, सड़क पार करते समय दाएं-बाएं देखने की आदत और जेब्रा क्रॉसिंग के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, तेज गति और मोबाइल प्रयोग से होने वाले खतरों के प्रति भी आगाह किया गया। बच्चों को विशेष रूप से विद्यालय आने-जाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

​कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखते ही बनती थी। बच्चों ने सड़क सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई सवाल पूछकर अपनी समझ का परिचय दिया। शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया।

​इस मौके पर एआरटीओ मनोज बगोरिया ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि जिम्मेदार और सतर्क नागरिक तैयार करने का केंद्र भी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बचपन में मिली यह सीख भविष्य में सुरक्षित यातायात संस्कृति के निर्माण में सहायक होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद के अन्य विद्यालयों में भी भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे ताकि सुरक्षित भारत के निर्माण में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।