पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर आज प्रशासन ने कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) पर शिकंजा कसा। उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई केंद्रों पर भारी अनियमितताएं मिलीं। न तो रेट लिस्ट चस्पा थी और न ही अभिलेखों का रखरखाव सही पाया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि कई केंद्रों पर दुकान का नाम तक प्रदर्शित नहीं था। इसके अलावा, ओरिजनल दस्तावेजों की स्कैनिंग के बाद उनकी फोटोकॉपी सुरक्षित नहीं रखी जा रही थी, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
एसडीएम मनजीत सिंह ने सीएससी संचालकों को व्यवस्था में सुधार के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए और सभी रिकॉर्ड रजिस्टर में मेंटेन हों। इसके साथ ही प्रत्येक आवेदन पर आवेदक का मोबाइल नंबर अंकित करने और प्रमाण पत्र निरस्त होने की दशा में आवेदक को तत्काल सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण टीम में तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

