पर्वतारोहण के पुरोधा पुरमल धर्मशक्तू को भावभीनी श्रद्धांजलि

पिथौरागढ़। नगर के रामलीला मैदान में आज प्रसिद्ध पर्वतारोही पुरमल सिंह धर्मशक्तू के आकस्मिक निधन पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। विभिन्न सामाजिक और युवा संगठनों ने एकत्रित होकर पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शोक सभा में आईस संस्था, सीमांत यूथ मोर्चा, उत्तराखण्ड छात्र मोर्चा, बार एसोसिएशन, सोर एडवेंचर क्लब सहित कई अन्य संगठनों के लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने पुरमल सिंह धर्मशक्तू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पिथौरागढ़ में पर्वतारोहण की शुरुआत करने और ट्रैकिंग को बढ़ावा देने के लिए अथक कार्य किए। उन्होंने युवा पर्वतारोहियों को लगातार मदद की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
वक्ताओं ने पुरमल सिंह के सामाजिक सरोकारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वह बीमार और जरूरतमंद लोगों की सेवा तथा सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। इसके अलावा, पहाड़ से पलायन रोकने के लिए भी उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने स्थानीय लोगों को मडुवा (रागी) बोने और उसके कारोबार के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें आजीविका का साधन मिल सके।
शोक सभा के अंत में, सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की।
इस दौरान पार्षद सुशील खत्री, आईस संस्था के बासु पाण्डे, हेमराज मेहता, उमेश पाण्डेय, उमेश कुमार, नरेंद्र सिंह, मुकेश गिरी, हरीश कुमार, दीपिका टोलिया, पल्लवी खर्कवाल, एडवोकेट आलोक चौधरी, चंद्रप्रकाश पुनेडा, अशोक भंडारी,  विष्णु जोशी, संजीव पंत, पवन सिंह, दीपक चंद, मोहित पुनेडा, संजीव भसीन, शंकर सिंह, महेश मखौलिया, गिरीश जोशी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।