कनालीछीना ब्लॉक में डीएम भटगांई ने मारा छापा, पीएचसी में गंदगी देख भड़के, लगाई फटकार

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज विकासखंड कनालीछीना का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में सख्ती का संदेश दिया। ब्लॉक सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने कार्य के प्रति उदासीनता और शिथिलता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इस लक्ष्य की पूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अपारदर्शिता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम भटगांई ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नाम पट्टिका अनिवार्य रूप से मेज के आगे लगाएं, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को कर्मचारियों की पहचान में सुविधा हो। इसके साथ ही, उन्होंने जनता की शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुँचने के लिए ब्लॉक कार्यालय में तत्काल शिकायत/सुझाव पेटी स्थापित करने का आदेश दिया।

स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल वेस्ट पर लगाई फटकार

​ब्लॉक कार्यालय के बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), कनालीछीना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता तथा स्वच्छता व्यवस्था का गहन जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान, मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण और पृथक्करण (सेग्रीगेशन) में घोर लापरवाही सामने आई। इसे देख डीएम भटगांई ने संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।

​डीएम भटगांई ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यह निरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जनसुविधा एवं उत्तरदायित्व की कसौटी है। उन्होंने साफ कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरक्षण में एसडीएम गंगोलीहाट यशवीर सिंह, सीओ धारचूला समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।