पिथौरागढ़: मेडिकल कॉलेज से नगर निगम तक गूंजी मानवाधिकारों की आवाज, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला प्रतियोगिता से जागरूकता

पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), पिथौरागढ़ ने विश्व मानवाधिकार दिवस पर सचिव मंजू देवी के मार्गदर्शन में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, चण्डाक से हुई, जहाँ सचिव ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना और सुरक्षित कार्यस्थल जैसे उनके सामाजिक सुरक्षा अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके उपरांत, न्यायालय परिसर पिथौरागढ़ से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मंजू देवी ने हरी झंडी दिखाई। रैली गांधी चौक और सिमलगैर होते हुए नगर निगम पिथौरागढ़ तक पहुंची। इस दौरान, तपोवन विद्यास्थली स्कूल के छात्रों ने प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम जनता को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक किया।
नगर निगम हॉल में आयोजित जागरूकता शिविर में मंजू देवी ने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति समान सम्मान और अधिकारों का अधिकारी है तथा वंचितों को निःशुल्क विधिक सहायता मिलनी चाहिए। सी.डब्ल्यू.सी. सदस्या लीला बंग्याल ने बच्चों के अधिकारों और एस.आई. बबीता टम्टा ने साईबर सुरक्षा की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन चित्रकला प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।