बुनियादी ढाँचे के साथ आर्थिक-सामाजिक विकास जरूरी: टुण्डी दौरे पर डीएम ने दिए कड़े निर्देश

कनालीछीना/ पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज विकास खंड कनालीछीना की ग्राम पंचायत बारमाँ के तोक टुण्डी का विस्तृत दौरा कर उसे आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आदर्श ग्राम का सपना तभी साकार होगा जब बुनियादी ढाँचे के साथ सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय विकास समान गति से आगे बढ़ेगा।
भटगांई ने अधिकारियों को ग्रामीण आवश्यकताओं और स्थानीय संसाधनों का सटीक आकलन कर एक व्यावहारिक, प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आजीविका और महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए, कहा कि “ग्रामीण सहभागिता ही स्थायी व सार्थक विकास की कुंजी है।”
आजीविका संवर्द्धन पर बल देते हुए उन्होंने मत्स्य पालन, बकरी-गौ पालन, मेडिसिन प्लांट, ड्रैगन फ्रूट और कीवी उत्पादन जैसी गतिविधियों को संतृप्ति के आधार पर लागू करने के निर्देश दिए। टुण्डी गधेरे पर चेक डैम निर्माण, सोलर पंपिंग आधारित सिंचाई और सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विस्तृत योजना बनाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बारमो, मुनाबे, गौच नयाबाद सहित पूरे क्लस्टर क्षेत्र के लिए एक सुव्यवस्थित और दूरदर्शी विकास खाका तैयार किया जाएगा, जो भविष्य में अन्य पंचायतों के लिए प्रेरक मॉडल बनेगा।

इस दौरान उपजिलाधिकारी खुशबु पाण्डेय, सीएमओ डॉ. नबियाल, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।