जन-जन के द्वार पहुंची सरकार: पिथौरागढ़ की 64 न्याय पंचायतों में लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर

पिथौरागढ़। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत जनपद पिथौरागढ़ की सभी 64 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य आम जनता को सरकारी योजनाओं, सेवाओं और शिकायत निवारण की सुविधा उनके गांव-न्याय पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि अब तक 06 न्याय पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 3805 लोगों ने सहभागिता की। शिविरों के दौरान 428 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 363 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई प्रगति पर है।

शिविरों में 640 नागरिकों को आय, जाति व निवास जैसे आवश्यक प्रमाण पत्र मौके पर उपलब्ध कराए गए। वहीं 3298 पात्र लाभार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया। यह अभियान 12 फरवरी 2026 तक चलेगा। निगरानी के लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।