पिथौरागढ़ कोतवाल राजेश यादव का नैनीताल तबादला 

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक पद पर कार्यरत राजेश यादव का नैनीताल तबादला हो गया है। इसके अलावा निरीक्षक बिजेंद्र शाह और नासिर हुसैन का भी ट्रांसफर हो गया है। अब दोनों उधमसिंह नगर में अपनी सेवा देंगे। जाजरदेवल थाने में तैनात एसआई मीनाक्षी मनराल का भी उधमसिंहनगर तबादला हुआ है। उनके अलावा जनपद में कार्यरत एसआई बसंतलाल, पूजा रानी का अल्मोड़ा और नैनीताल तबादला हुआ है।डीआईजी कुमाऊं डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बीते रोज 1050 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं। डीआईजी के जारी आदेश के अनुसार 15 निरीक्षकों के तबादले किये गए हैं। जिसमें आठ को पहाड़ से मैदान, पांच को मैदान से पहाड़ और दो पहाड़ से पहाड़ स्थानांतरित किये गए हैं। 29 उपनिरीक्षकों में 17 को पहाड़ से मैदान, 10 को मैदान से पहाड़ और दो को पहाड़ से पहाड़ भेजा गया है। जबकि 50 एएसआई में 24 को पहाड़ से मैदान और 26 को मैदान से पहाड़ स्थानंतरित किया है।नागरिक पुलिस के 299 हेड कांस्टेबल में सक 167 को पहाड़ से मैदान, 132 मैदान से पहाड़ स्थानांतरित किये गए है। सशस्त्र पुलिस के 196 हेड कांस्टेबल स्थानांतरित किये गए है। जिसमें 98 को पहाड़ से मैदान और 98 को मैदान से पहाड़ भेजा गया है। नागरिक पुलिस के 461 कांस्टेबल स्थानांतरित किये गए है। जिसमें 206 पहाड़ से मैदान और 255 मैदान से पहाड़ भेजे गए हैं।