रुड़की सिविल अस्पताल में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, डॉक्टर ₹20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार उत्तराखंड सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत विजिलेंस विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विजिलेंस टीम ने रुड़की सिविल अस्पताल में तैनात डॉ. आभास सिंह को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. आभास सिंह मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद पूरे मामले की गोपनीय जांच कर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के तहत जैसे ही डॉक्टर ने रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि डॉ. आभास सिंह ने करीब 20 दिन पहले ही रुड़की सिविल अस्पताल में ज्वॉइन किया था और उनकी ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में लगी हुई थी। विजिलेंस की इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

फिलहाल विजिलेंस विभाग आरोपी डॉक्टर से पूछताछ कर रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।