सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं, दुर्घटना संभावित स्थलों पर हों त्वरित सुधार : डीएम आशीष भटगांई

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा सड़क सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परिवहन एवं पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां तत्काल सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने ऐचोली एवं देवसिंह मैदान के नीचे स्थित जर्जर सड़क को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को तत्काल मरम्मत, गड्ढा मुक्त सड़क निर्माण एवं सुरक्षा उपायों को लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

पीएमजीएसवाई एवं लोक निर्माण विभाग को ग्रामीण एवं मुख्य सड़कों पर क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। शीतकाल को देखते हुए पालाग्रस्त क्षेत्रों में नमक व चूने के छिड़काव तथा चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए।

एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी है। बैठक में अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह हयांकी, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी एवं एआरटीओ शिवांश कांडपाल उपस्थित रहे।