मुनस्यारी व पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ, सुरक्षित यातायात का लिया संकल्प

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जनपद की दूरस्थ तहसील मुनस्यारी एवं पिथौरागढ़ नगर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुनस्यारी में कार्यक्रम का उद्घाटन एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल एवं उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने संयुक्त रूप से किया। वहीं पिथौरागढ़ नगर में परिवहन विभाग की टीम ने सीमा राणा व हिमांशु ओली के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत की।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी तक पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस दौरान जागरूकता कार्यक्रमों, जनसंवाद, विद्यालयों में यातायात शिक्षा, चेकिंग अभियान और प्रचार-प्रसार गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित व अनुशासित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

नववर्ष के अवसर पर मुनस्यारी में परिवहन विभाग व प्रशासन की ओर से संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके बाद वाहन चालकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई। एआरटीओ शिवांश कांडपाल ने चालकों से अपील की कि वे वाहन की फिटनेस, लाइट और ब्रेक की नियमित जांच कराएं, नियंत्रित गति से वाहन चलाएं तथा हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करें।

इस मौके पर वाहन चालकों को नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ मिठाई भी वितरित की गई। कार्यक्रम में परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।