कनालीछीना के गर्खा में सजा “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” शिविर, 109 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

कनालीछीना (पिथौरागढ़)। विकास खंड कनालीछीना की न्याय पंचायत गर्खा में आज “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई ने की। शिविर का उद्देश्य शासन–प्रशासन को सीधे आमजन से जोड़ते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ विधायक बिशन सिंह चुफाल, ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई और किशन भंडारी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी भटगांई ने कहा कि इस अभियान का मकसद जनता को कार्यालयों के चक्कर से मुक्त कर समाधान उनके द्वार तक पहुंचाना है। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनसंवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 109 का मौके पर समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 160 ओपीडी, आयुष विभाग ने 150 ओपीडी और सैनिक कल्याण विभाग ने 20 पूर्व सैनिकों को जैकेट वितरित की। पेयजल और सड़क से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पाण्डेय, तहसीलदार पिंकी आर्या सहित सभी विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।