पिथौरागढ़। जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के प्रतिकर वितरण की प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। बैठक में राजस्व, बीआरओ, ग्रिफ, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क मार्ग से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 09 के ढुंगातोली से तवाघाट खंड में सड़क चौड़ीकरण के अंतर्गत प्रभावित भूमि और निजी भवनों/संरचनाओं के प्रतिकर भुगतान की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश प्रभावित काश्तकारों को उनके बैंक खातों के माध्यम से मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों में प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने अवशेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने देने के निर्देश दिए।
डीएम ने समरेखन से बाहर हो रहे खसरा नंबरों से जुड़े मामलों का स्पष्ट परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शेष प्रभावित काश्तकारों की भूमि का कब्जा हस्तांतरण शीघ्र पूरा करने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 09 के तवाघाट से लिपुलेख खंड में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावितों के केवाईसी अभिलेख शीघ्र उपलब्ध कराकर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 109ए जौलजीबी–मुनस्यारी–रामगंगा पुल मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण के संबंध में डीएम ने धारा 3-ए की अधिसूचना से छूटे ग्रामों के प्रस्ताव जल्द तैयार कर सक्षम स्तर पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि भूमि अधिग्रहण में कोई बाधा न आए। साथ ही उपलब्ध पैचों पर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए (चौकोडी–ऐराड़ी) और (घाट–गंगोलीहाट–बेरीनाग) मोटर मार्गों के चौड़ीकरण के अंतर्गत अधिग्रहित भूमि और संरचनाओं के प्रतिकर वितरण तथा अधिसूचना से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को केवाईसी अभिलेख शीघ्र उपलब्ध कराने और अधिग्रहण से जुड़ी कमियों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
भूमिराशि पोर्टल पर मुआवजा भुगतान के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं पर डीएम ने गंभीरता जताते हुए कहा कि उच्च स्तर पर समन्वय कर इनका समाधान किया जाए, ताकि प्रभावित काश्तकारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महत्व की इन परियोजनाओं में पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावितों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम गंगोलीहाट यशवीर सिंह, एसडीएम धारचूला जितेंद्र वर्मा, चीफ ग्रिफ सौरभ कुमार सहित बीआरओ, राष्ट्रीय राजमार्ग और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
