चम्पावत। चम्पावत के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रणकोची मंदिर के कायाकल्प की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने रणकोची मंदिर में पर्यटन अवस्थापना के सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए 4.57 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्य उत्तराखण्ड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड, देहरादून के माध्यम से कराया जाएगा।

इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि यानी 1.82 करोड़ रुपये जारी किए जाने की भी स्वीकृति दी गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत रणकोची मंदिर का संरचनात्मक पुनर्निर्माण, सौन्दर्यीकरण एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें पथ निर्माण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं, प्रतीक्षालय, संकेतक बोर्ड, पेयजल सहित श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक अवस्थापना विकास कार्य किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुविधाजनक दर्शन की व्यवस्था मिल सकेगी।
रणकोची मंदिर के पुनर्निर्माण एवं पर्यटन विकास से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। देश-विदेश से अधिक संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर होटल, होम-स्टे, परिवहन, हस्तशिल्प और दुकानदारी जैसे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
यह परियोजना चम्पावत जनपद की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। रणकोची मंदिर को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर जनपद को राज्य और राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में यह योजना अहम भूमिका निभाएगी।
