गंगोलीहाट में दर्दनाक हादसा: स्विफ्ट कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौत

पिथौरागढ़। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर न्याय पंचायत पोखरी भेंरग अंतर्गत ग्राम बोयल में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। स्विफ्ट कार संख्या यूके-05 टीए-5117 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब एक किलोमीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी एवं एसआई नरेंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में गिरे वाहन से घायलों को बाहर निकाला गया। कार में सवार शिवनाथ पुत्र प्रेमनाथ (65 वर्ष) निवासी ग्राम बोयल को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चालक भूपाल सिंह पुत्र शेर सिंह (35 वर्ष) निवासी ग्राम बोयल की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति चौपाता कस्बे से अपने गांव बोयल की ओर जा रहे थे। घर पहुंचने से कुछ ही पहले यह हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस द्वारा मौके पर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मृतक भूपाल सिंह का एक पुत्र है, जबकि शिवनाथ के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।