जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: विधायक बिशन सिंह चुफाल

डीडीहाट (पिथौरागढ़)। विधायक बिशन सिंह चुफाल ने अपने कैम्प कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की जनसमस्याओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा जरूरतमंदों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

विधायक चुफाल ने सड़क, विद्युत, पेयजल, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास खंड सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कनालीछीना ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष संजीव जोशी, मूनाकोट मंडल अध्यक्ष सुनील चंद, विधायक प्रतिनिधि हरीश तिवारी, पूर्व भाजपा जिला मंत्री योगेश चंद, विधायक प्रतिनिधि कमलेश धारियल, पूर्व मंडल अध्यक्ष हयात धारियाल, कुंदन बोरा, विष्णु जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।