खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दूसरे दिन कैंप कार्यालय लोहियाहेड तथा हेलीपेड परिसर में जनप्रतिनिधियों और आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व एवं अन्य स्थानीय मुद्दों से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा कर समाधान की प्रगति से अवगत कराया जाए।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ग्राम भगचुरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय मलकीत सिंह राणा के निधन पर उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने वीरेंद्र मौर्य की माता स्वर्गीय सुन्दरी देवी (92 वर्ष) के निधन पर भी परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
