पिथौरागढ़ में परसीमन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, भटयूड़ा पौधालय में मातृवृक्ष रोपण की शुरुआत

पिथौरागढ़। जनपद में उद्यान विभाग द्वारा परसीमन फल उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजकीय पौधालय भटयूड़ा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए परसीमन के मातृवृक्षों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

वित्तीय वर्ष के अंतर्गत बागवानी मिशन योजना के तहत पौधालय परिसर में 0.20 हेक्टेयर क्षेत्रफल में परसीमन के मातृवृक्ष लगाए जा रहे हैं। लगभग दस नाली क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस मातृ ब्लॉक का उद्देश्य भविष्य में उन्नत व प्रमाणित पौध सामग्री तैयार कर स्थानीय कृषकों को उपलब्ध कराना है, ताकि जनपद में बागवानी आधारित आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि परसीमन की उच्च गुणवत्ता वाली उन्नत किस्मों का चयन किया गया है, जो बेहतर उत्पादन के लिए जानी जाती हैं। मातृ फार्म में तैयार की जाने वाली पौध सामग्री किसानों तक रियायती दर पर पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में अन्य ग्राम पंचायतों में भी कृषकों के सहयोग से परसीमन रोपण को विस्तार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि परसीमन फल अपेक्षाकृत कम जल्दी खराब होने वाला होता है, जिससे बाजार में इसका अच्छा मूल्य मिलता है। बढ़ती मांग को देखते हुए यह किसानों के लिए लाभकारी व्यावसायिक विकल्प बन सकता है।

मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि भटयूड़ा पौधालय में ‘फियू’ प्रजाति का मातृ ब्लॉक स्थापित किया जा रहा है। यह प्रजाति गुणवत्ता व पोषण गुणों के कारण बाजार में अच्छी मांग रखती है। उन्होंने कहा कि जहां खुले बाजार में इस पौधे की कीमत अधिक है, वहीं उद्यान विभाग इसे मात्र 100 रुपये में किसानों को उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार सहित उद्यान विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी पौधरोपण में सहभागिता की।