एग्री स्टैक व डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा, 1439 राजस्व ग्रामों का डाटा तैयार

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में एग्री स्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा अंश निर्धारण की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए जनपद के कुल 1639 राजस्व ग्रामों में से 1439 ग्रामों का डाटा प्राप्त किया जा चुका है। किसानों की रजिस्ट्री के लिए कृषि, उद्यान, पशुपालन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। वर्तमान में कृषि विभाग के 53, उद्यान विभाग के 14 तथा पशुपालन विभाग के 18 कार्मिक इस कार्य में लगाए गए हैं।

पटवारी क्षेत्रवार रोस्टर तैयार किया जा रहा है, जिसके अनुसार विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जाएगी। राजस्व परिषद के सहयोग से अपराह्न तीन बजे प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना का नियमित अनुश्रवण करते हुए अधिकतम प्रगति सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।

किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा एक खतौनी साथ लाना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्री हेतु किसान मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय, विकास भवन पिथौरागढ़, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय पिथौरागढ़, डीडीहाट व बेरीनाग तथा सभी विकासखंड मुख्यालय स्थित कृषि विभाग कार्यालयों में संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में पिथौरागढ़ राज्य स्तर पर शीर्ष तीन जनपदों में शामिल है। जिलाधिकारी ने प्रगति को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को और अधिक प्रयास कर जनपद को प्रथम स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी हरीश आर्या, तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी उपस्थित रहे।