होली से पहले सख्ती: 47 वाहनों के चालान, दो सीज

पिथौरागढ़। होली पर्व को देखते हुए जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने विशेष सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। एक मार्च से 10 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

अभियान के पहले ही दिन नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान 47 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते दो वाहनों को सीज किया गया।

टीम ने प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर जांच की। ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाना और बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एआरटीओ कांडपाल ने कहा कि ओवरलोडिंग करते पाए जाने वाले वाहनों को तत्काल सीज किया जाएगा और संबंधित चालकों के परमिट व ड्राइविंग लाइसेंस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि होली का पर्व सुरक्षित तरीके से मनाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग करें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित अवधि तक अभियान जारी रहेगा।