लोहाघाट/चंपावत। उत्तराखंड हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां एक छात्र ने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट होकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया।

जानकारी के अनुसार, विकास खंड लोहाघाट के एक गांव निवासी सरकारी स्कूल के छात्र ने अपने घर के भीतर फंदे में लटककर जान देने की कोशिश की। छात्र को फंदे पर लटका देख एक बच्ची ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में छात्र को नीचे उतारकर उप जिला अस्पताल लोहाघाट ले गए।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि छात्र को अचेत अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं जिला अस्पताल में भी जांच के बाद छात्र को हायर सेंटर भेज दिया गया।
चिकित्सक डॉ. गौरांग जोशी के अनुसार, सिटी स्कैन रिपोर्ट में फिलहाल कोई स्पष्ट समस्या सामने नहीं आई है, लेकिन दिमागी स्थिति को लेकर आशंका जताई जा रही है। छात्र को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, छात्र ने हाईस्कूल परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, लेकिन संभवतः परिणाम से असंतुष्ट होकर उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि छात्र के पिता होटल व्यवसाय से जुड़े हैं और घर पर उसकी माता व अन्य परिजन रहते हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा परिणाम को लेकर बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए और उनके मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
