जनसुनवाई में 39 शिकायतें, पेयजल से लेकर शहर की सफाई तक उठे अहम मुद्दे

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई दिवस में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 39 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, रोजगार और शहरी व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

नगर क्षेत्र की समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आईं। नागरिकों ने शिकायत की कि स्ट्रीट लाइट दिन में भी जलती रहती हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है। इसके अलावा शहर में सफाई व्यवस्था खराब होने, नालियों के बंद रहने और सुलभ शौचालयों में गंदगी की समस्या भी उठाई गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गंदगी, अतिक्रमण के खिलाफ ढिलाई और निजी स्कूल बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने जैसे गंभीर मुद्दों पर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम घुरौली के ग्रामीणों ने पेयजल योजना को जल संस्थान से जल निगम में स्थानांतरित किए जाने का विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मोड़ी गांव स्थित गुप्त गुफा को पर्यटन विकास के तहत जिला योजना में शामिल करने की मांग भी उठी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।

जल संस्थान से जल निगम में योजनाओं के हस्तांतरण के चलते संविदा और पीटीसीसी कर्मियों की समस्याएं भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, सीएमओ डॉ. एस. एस. नबियाल, उपप्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।