प्रबुद्धजनों के सुझावों से बनेगा विकसित उत्तराखंड का मजबूत रोडमैप: मुख्यमंत्री धामी

खटीमा में संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और राज्य को देता है नई दिशा

DTN खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, चेतना और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है तथा उनके विचार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का निर्माण करते हैं।

खटीमा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कृषि, साहित्य, उद्योग और अध्यात्म सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार एवं सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के “ओपिनियन मेकर्स” होते हैं और उनके सुझाव राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बीते वर्षों में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने धारा-370 हटाने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की समाप्ति और नागरिकता संशोधन कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को साकार होते देखा है, जो नए भारत की मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न नई नीतियों के माध्यम से विकसित उत्तराखंड का मजबूत रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास केवल सरकारों से नहीं, बल्कि समाज की सोच, नागरिकों की सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से संभव होता है। इसलिए प्रबुद्ध वर्ग को अपने अनुभव और सुझावों के माध्यम से राज्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्य सेवक जन संवाद में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने बंडिया स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित मुख्य सेवक जन संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम में उनका फूल-मालाओं और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मूल मंत्र के साथ प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने एसआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने टिफिन बैठक में पदाधिकारियों के साथ मध्याह्न भोजन किया तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।