चार तरह से होगा कचरे का पृथक्करण, सभी सरकारी कार्यालयों में लगेंगे चार डस्टबिन

DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में सभी नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्रोत स्तर पर चार प्रकार के कचरे का शत-प्रतिशत पृथक्करण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और जनजागरूकता अभियान तेज करने को कहा।

बैठक में ट्रेंचिंग ग्राउंड, लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, आरआरआर सेंटर, बल्क वेस्ट जनरेटर के पंजीकरण तथा स्वच्छता समितियों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी शासकीय कार्यालयों, टैक्सी स्टैंड, पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर चार रंगों के डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला पंचायत को सीमांत क्षेत्र गूंजी में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर स्थापित करने के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने तथा बेरीनाग में एक सप्ताह के भीतर ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि चयन करने को कहा। गूंजी और मुनस्यारी में स्वच्छता संबंधी साइनेज बोर्ड लगाने तथा होटल, होम-स्टे और रेस्टोरेंट में चार प्रकार के कचरा पृथक्करण की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।