कांवड़ मेला-2026: सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर डीजीपी सख्त, समय से पूरी हों सभी तैयारियां

DTN देहरादून। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़े देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, जीआरपी और एसडीआरएफ के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

बैठक में डीजीपी ने कहा कि कांवड़ मेला प्रदेश का अत्यंत संवेदनशील धार्मिक आयोजन है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, प्रभावी यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और संबंधित राज्यों व विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्ता और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। प्रमुख स्नान घाटों पर एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। कांवड़ मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, पार्किंग और डायवर्जन के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से चौबीसों घंटे निगरानी, फायर सेफ्टी ऑडिट, सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी, साइबर कमांडो की तैनाती तथा सीमावर्ती राज्यों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के भोजन, आवास और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।