हरेला पर बागेश्वर में गूंजा हरित संदेश, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया पौधारोपण

DTN बागेश्वर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर आज जौलकांडे स्थित हरेला वन में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरेला हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि जनपद में पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गरुड़ गंगा परियोजना सहित विभिन्न पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही नागरिकों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए तथा सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जीतेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया सहित जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।