DTN पिथौरागढ़। बेसहारा बुजुर्ग महिला का सम्मानजनक अंतिम संस्कार कर मानवता की मिसाल पेश करने वाले तीन पुलिसकर्मियों को सीमांत यूथ मोर्चा (सीयूमो) ने सम्मानित किया। कोतवाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीयूमो के प्रदेश अध्यक्ष सुशील खत्री के नेतृत्व में युवाओं ने कांस्टेबल हयात पार्की, कांस्टेबल अजय बोहरा और कांस्टेबल त्रिलोक सिंह को शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके मानवीय कार्य के लिए सम्मानित किया।

इस अवसर पर सुशील खत्री ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में मानवता और संवेदनशीलता को जीवित रखना भी है। उन्होंने कहा कि तीनों पुलिसकर्मियों ने बेसहारा बुजुर्ग महिला को सम्मानजनक विदाई देकर यह संदेश दिया है कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और मानवीय हृदय भी धड़कता है।
गौरतलब है कि 15 जुलाई को नगर क्षेत्र में एक बेसहारा बुजुर्ग महिला का निधन हो गया था। काफी देर तक कोई परिजन या जिम्मेदार व्यक्ति सामने नहीं आया। ऐसे में कोतवाली में तैनात कांस्टेबल हयात पार्की, अजय बोहरा और त्रिलोक सिंह स्वयं आगे आए और पूरे सम्मान के साथ महिला का अंतिम संस्कार कराया। पुलिस के इस मानवीय कदम की क्षेत्रभर में सराहना हुई थी।
सम्मान समारोह में एसआई ललित डंगवाल, सीयूमो के जिलाध्यक्ष नरेंद्र ग्वाल, राहुल खत्री, विष्णु जोशी, मिक्की साह, जनार्दन पंत उपस्थित रहे।
