DTN बागेश्वर। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और पर्वतीय उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने को लेकर आज जिला सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक हुई। बैठक में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और स्थानीय उत्पादों की निर्यात संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने एकल खिड़की व्यवस्था के तहत लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लघु एवं मध्यम उद्यम नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र उद्यमियों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यमियों से जुड़े प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सके।
कीवी, ट्राउट और मसालों की निर्यात संभावनाएं तलाशने पर जोर
जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक में कीवी, ट्राउट, मसाले, कुटकी सहित अन्य पर्वतीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्थानीय उत्पादकों और खरीदारों को सीधे एक मंच पर लाने के लिए जनपद में बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उत्पादकों को बेहतर बाजार मिल सके और उनके उत्पादों की मांग बढ़ाई जा सके।
बैठक में प्रशिक्षित पर्यटन गाइड तैयार करने के लिए नीति एवं प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने और के निर्देश दिए।
