भारी बारिश के अलर्ट के बीच पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर में कल बंद रहेंगे स्कूल

DTN पिथौरागढ़। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कल (बुधवार, 2 सितंबर) को विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। तीनों जिलों में कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।

पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 1 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर यह आदेश जारी किया है। आदेश में बताया गया है कि 2 सितंबर को जनपद पिथौरागढ़ समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम चेतावनी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिले में कक्षा एक से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

चंपावत में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
वर्षा व नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त व मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
छात्रहित में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं नैनीताल जिले में ऑरेंज अलर्ट के चलते 2 सितंबर को कक्षा एक से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।

बागेश्वर में भी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यहां भी मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 2 सितंबर को कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा।