16 अक्टूबर से पहले जिले की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने दिए निर्देश

DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न अभियंत्रण विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में सड़कों की स्थिति और गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 16 अक्टूबर से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल और वेकोस के अंतर्गत आने वाली सड़कों की वर्तमान स्थिति, क्षतिग्रस्त मार्गों और मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने विभागवार क्षतिग्रस्त सड़कों और अब तक किए गए कार्यों की भी समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षतिग्रस्त स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए। सड़क मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा किया जाए। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।