तीनपानी फ्लाईओवर पर कार हादसा, एक की मौत; दो घायल

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक युवती समेत चार लोग थे सवार; एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

DTN हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर आज दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। हादसे में युवती सुरक्षित बच गई। घायलों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 02 A 2544 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हादसे की सूचना पर नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवारों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के समय कार कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।