70 किमी की अल्ट्रा मैराथन जोलिंगकांग से शुरू, 42 किमी दौड़ को भी दिखाई हरी झंडी

DTN धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की व्यास घाटी में आज सुबह आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का आगाज हो गया। करीब 4500 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन में देश के 26 राज्यों के लगभग 1100 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। 70 किलोमीटर की मुख्य दौड़ को पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जोलिंगकांग से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, गुंजी से शुरू हुई 42 किलोमीटर की मैराथन को दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल और उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने रवाना किया।
दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कम तापमान और ऑक्सीजन की कमी के बीच धावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने इस दौरान नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ भी ली। 70 किलोमीटर की मुख्य दौड़ जोलिंगकांग से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष धावकों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
पिछले साल से बढ़ा प्रतिभागियों का उत्साह
आदि कैलाश परिक्रमा रन के पहले संस्करण में करीब 750 धावकों ने प्रतिभाग किया था। इस बार यह संख्या बढ़कर लगभग 1100 पहुंच गई है। इससे सीमांत क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण का पता चलता है।
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया उत्साहवर्धन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से धावकों को संबोधित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने में भी सहायक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन का उल्लेख होने का भी जिक्र किया।
