DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल (रविवार, 25 अक्टूबर) को पिथौरागढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह खटीमा से हेलीकॉप्टर के जरिये गुंजी पहुंचेंगे। यहां आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के साथ पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद पिथौरागढ़ पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में भी प्रतिभाग करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 7:15 बजे खटीमा स्थित अपने निजी आवास से कार से रवाना होंगे। 7:20 बजे लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचने के बाद 7:30 बजे हेलीकॉप्टर से गुंजी के लिए रवाना होंगे। सुबह 8:15 बजे गुंजी हेलीपैड पहुंचने के बाद वह आर्मी अतिथि गृह जाएंगे। सुबह 8:25 से 8:55 बजे तक सेना के जवानों से मुलाकात और बातचीत का कार्यक्रम निर्धारित है।
मुख्यमंत्री सुबह 9:05 बजे कार्यक्रम स्थल गुंजी पहुंचेंगे। यहां 9:05 से 9:50 बजे तक आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 कार्यक्रम में प्रतिभाग करने और पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद सुबह 10:10 बजे हेलीकॉप्टर से गुंजी से रवाना होकर 10:40 बजे पिथौरागढ़ के हेलीपैड स्थित श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे।
सुबह 10:55 बजे मुख्यमंत्री रामलीला मैदान पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के साथ जनसभा में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री सीमांत सेवा फाउंडेशन की ओर से संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय, घंटाकरण में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ और निरीक्षण भी करेंगे।
दोपहर 1:10 बजे नेत्र चिकित्सालय से रवाना होकर मुख्यमंत्री 1:25 बजे बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज चंडाक का स्थलीय निरीक्षण, दोपहर 2:20 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर हड़खोला हेलीपैड पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।
